एक सफल किसान के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं गीता केवट (खुशियों की दास्तां) - Vidisha Times

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

बुधवार, 15 जनवरी 2020

एक सफल किसान के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं गीता केवट (खुशियों की दास्तां)

शिवपुरी | 15-जनवरी-2020
 



 

 

 

   


    जिले के नरवर विकासखंड के ग्राम करही निवासी श्रीमती गीता केवट ना केवल गांव में बल्कि आसपास के गांव में एक सफल किसान के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं, उन्हें उनके कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया है। उन्होंने एसआरआई पद्धति से धान उत्पादन करके खेती को लाभ का धंधा बनाया है।
      गीता बताती है कि उनके पास थोड़ी सी जमीन है। पहले परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पति के पास भी कोई नौकरी अथवा आय का कोई साधन नहीं था। वह दूसरों के खेतों में मजदूरी करते थे। उन्होंने खेती में पति के साथ हाथ बटाना शुरू कर दिया। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने उन्नत खेती की तकनीकों को जाना और उसे प्रयोग भी किया।
    उनका कहना है कि पहली बार वर्ष 2009 में उन्होंने कृषि विभाग से सोयाबीन के प्रमाणित बीज की किस्म लगाई और जैविक खाद, उत्तम कंपोस्ट खाद का उपयोग कर अच्छा उत्पादन प्राप्त किया। उनकी रुचि को देखते हुए विभाग द्वारा संभाग स्तरीय कृषि प्रक्षेत्रों का भी भ्रमण कराया गया और वर्ष 2010 में किसान दीदी बनाया गया। गीता को  कृषि क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए वर्ष 2011 में आकाशवाणी एफएम में कृषि वाड़ी भेंटवार्ता में बोलने का अवसर प्राप्त हुआ। इस कार्यक्रम को सुनने के बाद ग्राम की महिलाओं को भी आगे बढ़ने की नसीहत मिली। सभी ने उनकी सराहना भी की।
      गीता बताती है कि गर्मियों में अपने खेत में साग सब्जी लगाकर वर्ष में तीन फसल लेकर उतनी ही जमीन से 3 गुना पैदावार मिल रही है। खेत पर या आस पड़ोस के गांव की महिलाएं जब भी मिलती हैं तो वह उन्हें नई कृषि तकनीक व जैविक खेती के बारे में बताती हैं। उनका कहना है कि अब हमें किसी और की जमीन पर मजदूरी नहीं करना पड़ती। परिवार के भरण-पोषण के लायक हम अपनी खेती से ही कमा लेते हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

VIDISHA TIMES