कहत कबीर सुनो भई साधो, कबीर रंग में रंगा नर्मदा तट लोकनृत्यों ने बिखेरी विविधता में एकता की छटा सुप्रिया जोशी ने सूफी गीतों से बाँधा समां - Vidisha Times

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

गुरुवार, 16 जनवरी 2020

कहत कबीर सुनो भई साधो, कबीर रंग में रंगा नर्मदा तट लोकनृत्यों ने बिखेरी विविधता में एकता की छटा सुप्रिया जोशी ने सूफी गीतों से बाँधा समां

हरदा | 16-जनवरी-2020
 



 

 

 


 

   हरदा भुआणा उत्सव का दूसरा दिन 15 जनवरी हरदावासियों की स्मृति में एक अविस्मरणीय दिन के रूप में अंकित हो गया। जहाँ एक ओर प्रदेश के प्रख्यात भजन गायक श्री प्रहलाद टिपाण्या ने कबीर गायन से वातावरण को भक्ति रंग में रंग दिया, वहीं दूसरी ओर देश के विभिन्न प्रांतों के लोकनृत्यों ने कार्यक्रम में विविधता में एकता की छटा बिखेरी। बालीवुड सिंगर सुप्रिया जोशी ने एक से बढ़कर एक फिल्मी गानों के साथ सूफी गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
      नर्मदा तट पर जब श्री प्रहलाद टिपाण्या ने अपनी विशिष्ट मालवी शैली में संत कबीर के भजन गाए तो वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया। दर्शकों में अद्भुत ऊर्जा का संचार इस प्रस्तुति के माध्यम से हुआ। जीवन के लिए अमूल्य शिक्षा भी कबीर भजनों के माध्यम से प्राप्त हुई।


    सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों ने भुआणा उत्सव में विविधता में एकता की छटा बिखेरी। राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति को दर्शकों ने बहुत पसंद किया। गुजरात की राठवा जनजाति के राठ नृत्य में कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को हतप्रभ कर दिया। भारिया जनजातीय  सैताम नृत्य के माध्यम से विशिष्ट जनजातीय संस्कृति से दर्शक रूबरू हुए। सेंट मेरी स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किये गए बंगाली नृत्य ने सभी को दुर्गा पूजा का स्मरण करवाया। सिओन इंटरनेशनल स्कूल छीपाबड़ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किये गए लोकनृत्य को भी दर्शकों ने बहुत पसंद किया। महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोकनृत्य लावणी की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। संस्कार विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा मल्लखंभ पर किए गए करतबों को अत्यधिक सराहना मिल। मिस्टर एण्ड मिस भुआणा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भुआणी संस्कृति के परिधान पहनकर रैम्पवाक किया।
    प्रख्यात गायिका सुप्रिया जोशी ने सदाबहार फिल्मी गीतों के साथ नए फिल्मी गानों एवं सूफी गानों से ऐसा समां बाँधा कि दर्शक झूम उठे।

नमामि देवी नर्मदे


    स्थानीय कलाकार जय पुजारी एवं विक्रांत के भुआणा बैंड द्वारा नर्मदाष्टक की प्रस्तुति से नर्मदा तट को नमामि देवी नर्मदे के नारे से गुंजायमान कर दिया। भजन गायिका कृष्णा गौर द्वारा नर्मदा भजन प्रस्तुत किया गया।
    कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर श्री एस. विश्वनाथन ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जिले में भुआणा उत्सव आयोजित करने के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री पी.सी. शर्मा का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही शासन के विभिन्न विभागों द्वारा भी उत्सव के आयोजन के लिये सहयोग किया गया। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों सभी के द्वारा उत्सव में सहयोग किया गया है। उन्होने कहा कि सभी के सहयोग के बिना भुआणा उत्सव का आयोजन संभव नहीं था। उन्होने इस सफल आयोजन के लिए सभी जिलावासियों को बधाई दी।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

VIDISHA TIMES