पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की जानकारी दर्ज न होने पर होगी कार्यवाही - डॉ. पाण्डेय - Vidisha Times

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

मंगलवार, 14 जनवरी 2020

पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की जानकारी दर्ज न होने पर होगी कार्यवाही - डॉ. पाण्डेय

रीवा | 14-जनवरी-2020
 



 

     मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.एस. पाण्डेय ने जिले में मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में नियंत्रण के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में डॉ. पाण्डेय ने कहा कि आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं तथा नवजात शिशुओं की अद्यतन जानकारी दर्ज न करने वालों पर कार्यवाही की जायेगी। पोर्टल में जानकारी दर्ज न करने वाली एएनएम की दो वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकी जायेगी। गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन करना तथा टीकाकरण करना सुनिश्चित करें। यदि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच होती है और समय पर उपचार सहायता तथा पूरक पोषण आहार मिलता है तो प्रसव सुरक्षित होगा।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि सभी प्रसव अस्पतालों में ही किया जाना सुनिश्चित करें। गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों तक लेकर आने, अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने तथा प्रसव के बाद घर छोड़ने की नि:शुल्क सुविधा दी गई है। साथ ही गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव कराने पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच होते रहने पर हाई रिस्क महिलाओं की पहचान हो जायेगी। जिन गर्भवती महिलाओं का एचवी 7 से कम है तथा जिनका पहला प्रसव सिजेरियन हुआ है ऐसी महिलाएं हाई रिस्क हो सकती हैं। इसी तरह 18 वर्ष से कम उम्र में गर्भधारण तथा 35 वर्ष से अधिक उम्र में गर्भधारण करने वाली महिलाएं भी हाई रिस्क होती हैं। गर्भ में जुडवा बच्चे होने, गर्भ में बच्चे के आड़े-तिरछे होने, गर्भवती महिला को हाई अथवा लो ब्लड प्रेशर होने पर भी प्रसव हाई रिस्क होगा। गर्भवती महिला का वजन 40 किलो ग्राम से कम होने तथा सुगर प्रोटीन एवं थाईराइड की समस्या होने पर भी हाई रिस्क हो सकता है। ऐसी महिलाओं का चिन्हाकन करके बीएमओ उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायें। समय पर उपचार तथा नियमित निगरानी से मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर पर नियंत्रण किया जा सकता है। बैठक में सभी बी.एम.ओ. तथा बी.पी.एम. उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

VIDISHA TIMES