छिंदवाडा जिले की पर्वतारोही बेटी कु.भावना हुई देवी अवॉर्ड से सम्मानित "खुशियों की दास्तां" - Vidisha Times

Breaking

Home Top Ad

Responsive Ads Here

शनिवार, 7 मार्च 2020

छिंदवाडा जिले की पर्वतारोही बेटी कु.भावना हुई देवी अवॉर्ड से सम्मानित "खुशियों की दास्तां"

छिन्दवाड़ा | 07-मार्च-2020


 

    प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ के आर्थिक सहयोग से देश की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली छिन्दवाड़ा जिले के पातालकोट क्षेत्र के तामिया की कम उम्र की पर्वतारोही कुमारी भावना डहेरिया ने अपने संकल्प और साहस के दौरान यह सोचा भी नहीं होगा कि वे पर्वतारोहण के क्षेत्र में निरंतर नये कीर्तिमान स्थापित करेंगी और समाज द्वारा उन्हें उनकी उपलब्धियों के लिये विभिन्न अवार्डो से सम्मानित किया जायेगा। विभिन्न विषम परिस्थितियों के बीच भी अपने अदम्य साहस, दृढ निश्चय और बुध्दिमत्ता से निरंतर आगे बढ़ने और सफलता अर्जित करने पर कुमारी भावना डहेरिया के गत 28 फरवरी 2020 को इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समूह के देवी अवार्ड से सम्मानित होने पर छिन्दवाड़ा जिला पुन: गौरवान्वित हुआ है। यह अवार्ड प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नाथ के हाथों से प्राप्त कर कुमारी भावना डहेरिया अत्यंत प्रसन्न है और गर्व महसूस कर रही है। उल्लेखनीय है कि कुमारी भावना डहेरिया गत 22 मई 2019 को विश्व की सबसे उंची चोटी माउंट एवरेस्ट और 27 अक्टूबर 2019 को अफ्रीका के किलिमंजारो के उहुरू शिखर पर भारत का तिरंगा लहराकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना चुकी हैं। विश्व महिला दिवस पर छिन्दवाड़ा में भी उन्हें उनकी उपलब्धियों पर सम्मानित किया जा रहा है जो जिले की बेटी के लिये गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
       देश की नारी शक्ति किसी से कम नहीं है। उसने हर क्षेत्र में अपना नया मुकाम हासिल किया है और एक नई पहचान बनायी है। जब कोई नारी, पुरूष प्रधान समाज में विभिन्न विषम परिस्थितियों के बीच भी अपने अदम्य साहस, दृढ निश्चय और बुध्दिमत्ता का परिचय देते हुये कुछ अलग और आश्चर्यजनक कार्य कर जाती है तो उसे देवी सा सम्मान मिलना चाहिये। इसी भाव के साथ दिसंबर 2014 में नई दिल्ली के द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समूह द्वारा स्थापित देवी अवॉर्ड से देश भर की ऐसी महिलाओं को सम्मनित किया जाता है। छिंदवाडा जिले के दूरस्थ अंचल पातालकोट क्षेत्र के तामिया की बेटी कु.भावना डेहरिया को सीमित संसाधनों के बीच अपने अदम्य साहस और दृढ निश्चय का परिचय देते हुये विश्व की सबसे उंची चोटी माउण्ट एवरेस्ट और किलीमंजारो की ऊंची चोटी उहुरू शिखर फतह करने के लिये 28 फरवरी 2020 को इंदौर शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमल नाथ द्वारा देवी अवॉर्ड 2020 से सम्मानित किया गया है। जिले की इस बेटी कुमारी भावना डहेरिया को मध्यप्रदेश की कानून, समाजसेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रही 14 अन्य जानी-मानी महिला शख्सियतों अनुराधा सक्सेना, आर्यमा सान्यास, जनक पलटा, माया विश्वकर्मा, डॉ.विनीता मेवाड़ा, डॉ.लीला जोशी, राजश्री पाठक, रुचिवर्धन, उषा जैन, मेघा परमार, अंबिका बेरी, मोनिका पंजाबी वर्मा, मुस्कान अहिरवार और डॉ.दिव्या गुप्ता के साथ सम्मानित किया गया है। उल्लेखनीय है कि द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समूह ऐसी महिलाओं को सम्मानित करता है, जिन्होंने अपने कार्य क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वुमन अवॉर्ड फॉर डायनेमिक एंड इनोवेशन देवी नामक यह अवार्ड एक स्वतंत्र ज्यूरी द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ इन असाधारण महिलाओं का चुनाव करता है। इंदौर में अवार्ड का यह 20वां कार्यक्रम था। भावना कहती हैं कि इतनी कम उम्र में मेरी इस उपलब्धि का बडा श्रेय मुख्यमंत्री श्री नाथ को जाता है। इस सहयोग के लिये मैं आजीवन उनकी आभारी रहूंगी।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

VIDISHA TIMES