
दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना के द्वितीय चरण में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सुदृढ़ीकृत एवं नवीन 100 रसोई केन्द्रों का वर्चुअल शुभारंभ मिंटो हाल भोपाल में शुक्रवार को किया। इस मौके पर नरसिंहपुर में नवीन बस स्टेंड पर नवीन दीनदयाल रसोई केन्द्र का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। यहां दीनदयाल रसोई केन्द्र में जरूरतमंदों को 10 रूपये में भरपेट भोजन मिलना शुरू हो गया है। राज्यसभा सांसद श्री सोनी एवं कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने जरूरतमंदों को भोजन परोसकर नवीन दीनदयाल रसोई केन्द्र का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संध्या कोठारी, श्री नीरज महाराज, श्री विक्रांत पटैल, श्री भगवान दास राय, श्री दीपक दुबे, श्रीमती जया शर्मा, श्री अरूण चौधरी, श्री बंटी सलूजा, श्रीमती नीता पुआरिया, श्री नवीन अग्रवाल, अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि नवीन बस स्टेंड नरसिंहपुर का दीनदयाल रसोई केन्द्र प्रयास शिक्षण एवं सामाजिक संगठन समिति और नगर पालिका नरसिंहपुर के समन्वय से संचालित किया जायेगा। इस केन्द्र में 10 रूपये थाली में पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं संतुलित भोजन जरूरतमंदों को प्रात: 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपलब्ध कराया जायेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री सोनी ने कहा कि जरूरतमंदों एवं गरीबों को भोजन कराने की लंबी परंपरा नरसिंहपुर शहर के संस्कार में है। संस्कारित समाज का सबसे बड़ा दायित्व है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा नहीं सोये। इसी दिशा में राज्य शासन के सहयोग से प्रदेश में नवीन दीनदयाल रसोई केन्द्र शुरू किये जा रहे हैं। नरसिंहपुर के बस स्टेंड पर नवीन दीनदयाल रसोई केन्द्र शुरू होने से मेहनतकशों, गरीबों व जरूरतमंदों को बहुत सुविधा होगी। इसके पहले भी जिला अस्पताल में यह केन्द्र विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफलता पूर्वक चलाया गया था। इसमें सहयोग करने वालों की श्री सोनी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस रसोई केन्द्र में नगर पालिका ने बहुत अच्छे इंतजाम किये हैं। उन्होंने जिले के अन्य स्थानों पर भी दीनदयाल रसोई केन्द्र सबके सहयोग से शुरू करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटैल के स्वच्छता अभियान से संबंधित संदेश का प्रसारण किया गया। इस मौके पर “हरा- भरा नरसिंहपुर- स्वच्छ बने नरसिंहपुर” गीत का प्रसारण भी किया गया। राज्यसभा सांसद श्री सोनी ने इस गीत को गाने वाली निशि धामेचा को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री केएस ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना के द्वितीय चरण में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सुदृढ़ीकृत एवं नवीन 100 रसोई केन्द्रों का वर्चुअल शुभारंभ मिंटो हाल भोपाल में शुक्रवार को किया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन का लाइव प्रसारण भी यहां दिखाया गया। इस मौके पर अतिथियों और नागरिकों ने एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण को देखा व सुना। मुख्यमंत्री ने 5 जिलों मुरैना, धार, उज्जैन, छतरपुर एवं इंदौर में हितग्राहियों से सीधा संवाद भी किया।
कन्या पूजन
कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यसभा सांसद श्री सोनी और अन्य अतिथियों ने कन्या पूजन किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें